रायबरेली। शहर में डबल फाटक के पास बुधवार शाम डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस बीच-बचाव के लिए पहुुंची तो एक पक्ष से पुरुष व महिलाओं ने हमला बोल दिया।

पुलिस कर्मियों की पिटाई करने के साथ वर्दी फाड़ दी। इसमें जहानाबाद चौकी इंचार्ज समेत सात पुलिस कर्मी घायल हो गए। बाद में भारी पुलिस बल पहुंचा तो स्थिति संभली। दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने 20 लोगों के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला करने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

डबल फाटक निवासी सोनू सोनकर घर पर डीजे बजा रहा था। घर की महिलाएं डांस कर रहीं थीं। पड़ोस के आशीष व संजय भी सोनू के घर पहुंचकर डांस करने लगे। विरोध किया तो आरोपी पक्ष डीजेे बंद कराने लगे। इससे दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। सूूचना पर जहानाबाद चौकी में तैनात सिपाही सुभाष चौधरी, देवेंद्र कुमार, शक्ति सिंह, पंकज कुमार, महिला सिपाही प्रियंका चौहान व समता सिंह मौके पर पहुंच गई।

पुलिस कर्मियों ने बीचबचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी पक्ष ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए मारपीट शुरू कर दी। सूूचना पर जहानाबाद चौकी इंचार्ज पीयूष सिंह पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की। बाद में सदर कोतवाल संजय त्यागी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाला। भारी पुलिस बल के पहुंचने पर हमलावर भाग निकले।

बवाल में चौकी इंचार्ज समेत सात पुलिस कर्मी घायल हुए। सिपाही शक्ति सिंह, देवेंद्र की वर्दी फाड़ दी गई। कोतवाल ने बताया कि जहानाबाद चौकी इंचार्ज की तहरीर पर आठ हमलावर नामजद, जबकि 10-12 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसमें आशीष कुमार सोनकर, संजय सोनकर, अर्पित सोनकर, सुनीता, दीपिका, पदमा सोनकर, रंजना सोनकर को गिरफ्तार किया गया है। अन्य हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published.