राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

विस्तार

लोकसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के जरिये भाजपा प्रदेश में लोकसभा चुनाव की तैयारियों के पहले चरण की जाजम बिछाने में जुट गई है। शक्ति केंद्र स्तर पर अभिभाषण पर संगोष्ठी आयोजित कर दस करोड़ लोगों तक मोदी सरकार की आठ- नौ वर्ष की उपलब्धियां पहुंचाएगी। पार्टी ने प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से लोकसभा में पढ़े गए अभिभाषण में मोदी सरकार की नौ वर्ष की सभी उपलब्धियों का जिक्र किया गया है। इसमें देश की सामाजिक, आर्थिक तरक्की के साथ विदेश नीति, देश की आतंरिक सुरक्षा, सीमा सुरक्षा जैसे मुद्दे भी शामिल है। पार्टी ने सभी 27 हजार 634 शक्ति केंद्रों पर अभिभाषण के विषय पर संगोष्ठी का आयोजन शुरू कर दिया है। एक संगोष्ठी में दो सौ लोगों को शामिल किया जाएगा। 24 पेज के अभिभाषण को संगोष्ठी में चार कार्यकर्ता पढ़कर सुना रहे हैं। 

एक कार्यकर्ता के पास छह पेज की पढ़कर सुनाने और उससे संबंधित शंकाओं का समाधान करने की जिम्मेदारी होगी। इसके लिए तीन हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित भी किया गया है। संगोष्ठी में शक्ति केंद्र के दायरे में आने वाले पांच-छह बूथों की बूथ कमेटियां, स्थानीय पार्टी कार्यकर्ता और मोदी-योगी सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को शामिल किया है।

खासतौर पर लाभार्थियों को इन संगोष्ठी में लाकर मुफ्त में मिल रहे राशन, पीएम किसान सम्मान निधि, उज्जवला योजना के रसोई गैस सिलेंडर, आयुष्मान कार्ड से मिल रहे मुफ्त इलाज, पीएम आवास योजना के तहत मिले आवास, शौचालय, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत मिले रोजगार की उपलब्धियां बताई जाएगी।

अभियान के प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सलिल विश्नोई ने बताया कि पहले चरण में शक्ति केंद्र पर संगोष्ठी आयोजित की जा रही है। इसके जरिये दस करोड़ लाभार्थियों के बीच मोदी सरकार की उपलब्धियों से उनके जीवन में आए बदलाव को बताया जाएगा। दूसरे चरण में उपलब्धियों को लेकर आम जनता के बीच जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल खुद प्रतिदिन अभियान की समीक्षा कर रहे हैं।

आदिवासी और दलित समाज को साधने की तैयारी

भाजपा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोबिंद के जरिये आदिवासी और दलितों को साधने की तैयारी की है। पार्टी के पदाधिकारी इन बस्तियों में जाकर बताएंगे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति पद पर पहले दलित और उसके बाद आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू को निर्वाचित कराया है। द्रौपदी मुर्मू पहली आदिवासी महिला हैं जो राष्ट्रपति पद पर पहुंची हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed